भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी सिंगर समर सिंह गिरफ्तार
⭕लखनऊ/गाजियाबाद।भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की संदिग्ध हालात में वाराणसी के एक होटल में हुई मौत के मामले में आरोपी भोजपुरी सिंगर समर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने के एक दिन बाद वाराणसी की क्राइम ब्रांच की टीम ने गाजियाबाद पुलिस की मदद से नंदग्राम की एक सोसाइटी से देर रात एक बजे गिरफ्तार कर लिया। 26 मार्च को हुई आकांक्षा दुबे की मौत के बाद से पुलिस समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह को ढूंढ़ रही थी। आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे की तहरीर पर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ वाराणसी के सारनाथ थाने में आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। देर रात वाराणसी पुलिस थाना नंदग्राम क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन पहुंची, जहां से समर सिंह को हिरासत में ले लिया गया।
सिंगर समर सिंह को गाजियाबाद की कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से पुलिस ट्रांजिट रिमांड लेगी और कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस उसे वाराणसी लेकर जाएगी। समर सिंह को अभी नंदग्राम थाने में रखा गया है। आरोपी नंदग्राम की चार्म क्रिस्टल सोसाइटी में छुपा हुआ था, पुलिस उसकी तलाश में जगह जगह दबिश दे रही थी। आकांक्षा की आत्महत्या के ग्यारह दिन बाद आरोपी समर सिंह की गिरफ्तार हुई है, पुलिस अब इस मामले के दूसरे नामजद आरोपी उसके भाई संजय सिंह की तेजी से तलाश कर रही है।
आकांक्षा दुबे भोजपुरी की उभरती हुई एक्ट्रेस थीं। 26 मार्च को उनका शव वाराणसी में होटल के एक कमरे में फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला था, वो यहां पर एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पहुंची थी। एक्ट्रेस की मां ने समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर बेटी को ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने आरोप लगाया कि आकांक्षा ने समर के साथ तीन साल तक काम किया, लेकिन उसने उसे एक पैसा नहीं दिया। समर पर उसके 3 करोड़ रुपये बकाया थे और जब आकांक्षा इसके लिए कहती थी, तो समर उसे प्रताड़ित करता था और उसकी पिटाई करता था। जब भी वह अन्य कलाकारों के साथ काम करने की कोशिश करती थी, तो वह उसे परेशान करता था।
अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने गई है, जिसमें आत्महत्या को लेकर कई तरह से सवाल उठ रहे हैं। आकांक्षा के पेट में भूरे रंग का लिक्विड मिला है, उसने रात को कुछ खाया भी नहीं था और न ही कोई लिक्विड मिला है जैसा कि कहा जा रहा था कि उसने रात को शराब पी थी। आकांक्षा का म्यूकस मेंब्रेन ऑफ स्टमक चोक्ड पाया गया, मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार किसी कोवरसिव मटेरियल की वजह से ही पूरा कंजेशन स्टमक के म्यूकस मेंब्रेन में हो सकता है, उनकी कलाई पर चोट के निशान भी हैं।